
रायपुर:वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की एक अनूठी पहल है, जिसके जरिए ‘नेचर्स एटीएम’ के माध्यम से निःशुल्क पौधा वितरण बांटे जा रहे हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण की रक्षा करना और हरियाली को बढ़ाना है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की परिकल्पना ‘हरियर छत्तीसगढ़’ और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को आगे बढ़ाते हुए वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप की पहल पर रायपुर शहर के सभी 70 वार्डों में ‘नेचर्स एटीएम’ के माध्यम से निःशुल्क पौधा वितरण अभियान शुरू किया गया है। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ना और अधिक से अधिक लोगों को अपनी माँ के नाम पर एक पौधा लगाने के लिए प्रेरित करना है।
हर वार्ड तक पहुँचेगा चलित पौधा वितरण वाहन
वन मंत्री केदार कश्यप ने बुधवार को नया रायपुर स्थित अपने शासकीय निवास से ‘नेचर्स एटीएम’ वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रायपुर वनमंडल द्वारा शुरू किए गए इस चलित पौधा वितरण वाहन के माध्यम से शहर के सभी 70 वार्डों में नागरिकों को निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। इस अभियान का संचालन प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख श्री अरुण कुमार पांडे के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
फलदार, छायादार और ऑक्सीजन देने वाले पौधे मिलेंगे
‘नेचर्स एटीएम’ के माध्यम से फलदार, छायादार और अधिक ऑक्सीजन देने वाली विभिन्न प्रजातियों के पौधे वितरित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य केवल पौधारोपण कराना नहीं, बल्कि पौधों के संरक्षण और उनके प्रति सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है।







