
रायपुर:छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर रायगढ़ में इंडियन ओवरसीज बैंक की नई शाखा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि बैंक की नई शाखा खुलने से स्थानीय व्यापार, उद्यमिता और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लोगों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचेगा।
मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार बैंकिंग सेवाओं के विस्तार और वित्तीय समावेशन को सर्वाेच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि वित्त मंत्री का दायित्व संभालने के बाद उन्होंने राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (एसएलबीसी) की बैठकों में बैंकिंग व्यवस्था को अधिक परिणाममुखी बनाने के लिए स्पष्ट नीति और उद्देश्य तय किए हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से निवेश आधारित अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ रही है। ऐसे में बैंकों की भूमिका केवल जमा राशि तक सीमित नहीं रह सकती, बल्कि उन्हें निवेश, उद्यमिता और आर्थिक गतिविधियों को गति देने में सक्रिय भागीदारी निभानी होगी।








