
रायपुर:मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन और स्वस्थ छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने की दिशा में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कुपोषण और एनीमिया के विरुद्ध व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के आह्वान पर प्रदेशभर में “हर-घर मुनगा, घर-घर सुपोषण” अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रत्येक परिवार तक स्थानीय स्तर पर पौष्टिक आहार उपलब्ध कराकर कुपोषण और एनीमिया की समस्या को प्रभावी रूप से कम करना है।
अभियान के अंतर्गत बस्तर से लेकर सरगुजा और मैदानी क्षेत्रों तक आंगनबाड़ी केन्द्रों, पोषण वाटिकाओं तथा हितग्राहियों के घरों में मुनगा (सहजन) के पौधे लगाए जा रहे हैं। जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, महिलाओं, बच्चों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा विभागीय अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता से यह अभियान लगातार विस्तार पा रहा है।
बस्तर संभाग के सुकमा जिले में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सक्षम आंगनबाड़ी केन्द्र लस्केपारा की पोषण वाटिका में बच्चों के साथ मुनगा एवं पपीता के पौधे लगाकर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने बच्चों और अभिभावकों को पौष्टिक आहार, पर्यावरण संरक्षण तथा स्थानीय खाद्य संसाधनों के महत्व की जानकारी देते हुए प्रत्येक परिवार से अपने घर एवं आंगन में मुनगा लगाने का आग्रह किया।









