
बेमेतरा:जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी ने जिला पंचायत कार्यालय में जिले के विभिन्न ग्रामों से पहुंचे ग्रामीणों एवं आमजनों से आत्मीय मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। इस दौरान ग्रामीण अपनी विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं को लेकर जिला पंचायत कार्यालय पहुंचे। श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने प्रत्येक ग्रामीण से व्यक्तिगत रूप से चर्चा कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष एवं कार्यालयीन माध्यम से संपर्क कर समस्याओं के शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समय पर समाधान कराना जनप्रतिनिधि होने के नाते उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। कोई भी पात्र हितग्राही शासन की योजनाओं से वंचित न रहे, इसके लिए जिला पंचायत लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत कार्यालय हमेशा आमजन के लिए खुला है। ग्रामीण अपनी समस्याओं और सुझावों के साथ कभी भी कार्यालय आ सकते हैं। उनकी हर समस्या को गंभीरता से सुना जाएगा तथा नियमानुसार उसका समाधान कराने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। जिला पंचायत अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आम नागरिकों के कार्यों में अनावश्यक विलंब न किया जाए तथा प्रत्येक आवेदन का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय से ही आमजन को त्वरित राहत और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की कि वे शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और पात्रता के अनुसार उनका लाभ लें। साथ ही विकास कार्यों एवं जनहित की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में अपना सहयोग प्रदान करें। ग्रामीणों ने जिला पंचायत अध्यक्ष के सहज, सरल एवं संवेदनशील व्यवहार की सराहना करते हुए अपनी समस्याओं को गंभीरता से सुनने एवं त्वरित कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।










