
रायपुर: पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर के वरिष्ठ शिक्षाविद्, खेल विशेषज्ञ एवं प्रशासक प्रो. (डॉ.) राजीव चौधरी को अखिल भारतीय विश्वविद्यालय संघ (Association of Indian Universities – AIU), नई दिल्ली द्वारा एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व सौंपा गया है। AIU ने उन्हें सत्र 2026-27 की अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालयीय खेल प्रतियोगिताओं के आवंटन हेतु गठित राष्ट्रीय समिति का अध्यक्ष (Chairman) नियुक्त किया है।
प्रो. (डॉ.) राजीव चौधरी वर्तमान में पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में अधिष्ठाता छात्र कल्याण (Dean Student Welfare), स्कूल ऑफ स्टडीज़ इन लॉ के विभागाध्यक्ष तथा स्कूल ऑफ स्टडीज़ इन फिजिकल एजुकेशन के विभागाध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। वे पूर्व में डीन, शारीरिक शिक्षा संकाय का दायित्व भी सफलतापूर्वक निभा चुके हैं।
AIU द्वारा गठित यह राष्ट्रीय समिति देशभर के विश्वविद्यालयों से प्राप्त प्रस्तावों का परीक्षण एवं मूल्यांकन कर विभिन्न अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालयीय खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन हेतु विश्वविद्यालयों का चयन एवं आवंटन करेगी। समिति खेल अधोसंरचना, आवास, परिवहन, चिकित्सा सुविधाओं, मानव संसाधन एवं पूर्व आयोजन अनुभव जैसे महत्वपूर्ण मानकों के आधार पर निर्णय लेगी।
प्रो. (डॉ.) राजीव चौधरी का खेल जीवन अत्यंत गौरवपूर्ण एवं प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने तीन बार राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिताओं में भाग लेकर एक स्वर्ण पदक एवं एक कांस्य पदक अर्जित किया है। इसके अतिरिक्त उन्होंने कबड्डी, कुश्ती, जूडो एवं भारोत्तोलन जैसी चार प्रमुख खेल विधाओं में अनेक बार अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालयीय प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया है। वे जूडो, कुश्ती एवं कबड्डी तीनों खेलों में विश्वविद्यालय टीम के कप्तान भी रहे हैं।
जूडो खेल में उनकी उपलब्धियाँ विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं। उन्होंने अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालयीय जूडो प्रतियोगिता में कांस्य पदक प्राप्त किया तथा सेकंड डैन ब्लैक बेल्ट डिप्लोमा अर्जित किया। खेल प्रशासन एवं प्रबंधन के क्षेत्र में भी उनका अनुभव अत्यंत व्यापक है तथा वे अनेक अवसरों पर AIU Observer के रूप में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएँ दे चुके हैं।
शैक्षणिक क्षेत्र में भी प्रो. (डॉ.) चौधरी ने उल्लेखनीय उपलब्धियाँ प्राप्त की हैं। उन्होंने पीएच.डी. के साथ-साथ डी.लिट्. (D.Litt.) जैसी उच्चतम शैक्षणिक उपाधि अर्जित की है। शिक्षा, खेल, योग, शोध एवं विश्वविद्यालय प्रशासन के क्षेत्र में उनके बहुआयामी योगदान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक मान्यता प्राप्त है।
AIU की इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय समिति के अध्यक्ष पद पर उनकी नियुक्ति न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर, छत्तीसगढ़ एवं सम्पूर्ण भारतीय विश्वविद्यालयीय खेल जगत के लिए गौरव और सम्मान का विषय है। यह नियुक्ति खेल प्रशासन, नेतृत्व क्षमता एवं विश्वविद्यालयीय खेलों के विकास में उनके दीर्घकालीन योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति मानी जा रही है।







