
बेमेतरा: हसदा आदर्श बाल मानस मंडली एवं समस्त ग्रामवासी हसदा के तत्वावधान में पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर कृष्ण नवमी से अमावस्या तक आयोजित श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। भीषण नवतपा और गर्मी के बावजूद दूर-दूर से श्रद्धालु कथा श्रवण करने पहुंच रहे हैं। कथा का शुभ समय प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से प्रारंभ होकर हरि इच्छा तक निरंतर प्रवाहित हो रहा है।

कार्यक्रम के तृतीय दिवस सपाद लच्छेश्वर धाम सलधा से पधारे पूज्य श्री मज्ज ज्योतिर्मयानंद सरस्वती जी महाराज ने व्यासपीठ से कलियुग का वर्णन करते हुए कहा कि “कलयुग में हरि कथा ही मुक्ति का एकमात्र साधन है।” उन्होंने कहा कि मानसिक पूजा से मनोकामनाओं की पूर्ति होती है तथा कलियुग में भगवान के नाम, कथा और भक्ति का विशेष महत्व है।
महाराज श्री ने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास जी ने भी कहा है—
“कलि कर एक पुनीत प्रतापा, मानस पुण्य होहिं नहि पापा।”
उन्होंने बताया कि सभी साधनों का मूल तत्व प्रत्येक वस्तु एवं प्राणी में ईश्वर का दर्शन करना है। जब मनुष्य समस्त सृष्टि में परमात्मा का स्वरूप देखना प्रारंभ कर देता है, तब उसका जीवन सफल हो जाता है। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति, सदाचार, सेवा और मानवता का संदेश प्रदान किया जा रहा है।
इस अवसर पर माँ भद्रकाली जिला मानस संघ के अध्यक्ष देवलाल सिन्हा, राजेश वैष्णव, महेंद्र चौहान, गजेंद्र वर्मा, रेखा पोषण सिन्हा, जनपद सदस्य बेरला गंगाराम पटेल, बलराम पटेल जी जिला पंचायत प्रतिनिधि दुबे जी सलधा, तिहारू सिन्हा, सरपंच प्रतिनिधि मोहरेंगा, चंद्रिका प्रकाश वर्मा, डॉ. बी.आर. साहू, भूपेंद्र परगनिहा, खिलावन वर्मा, दुर्गेश वर्मा, रवि सिन्हा, डमरूधर साहू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।आयोजन समिति के अध्यक्ष गुहाराम साहू ने क्षेत्रवासियों एवं धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।









