
रायपुर:महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में राज्य शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना हजारों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। यह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने और परिवार की छोटी-बड़ी जरूरतों को पूरा करने का मजबूत आधार भी बन रही है।
सूरजपुर जिले के ग्राम बैजनाथपुर की निवासी श्रीमती कबीला देवांगन के जीवन में भी इस योजना ने नई उम्मीद और आत्मनिर्भरता का संचार किया है। वे बताती हैं कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह मिलने वाली राशि उनके परिवार के लिए एक महत्वपूर्ण सहारा बन गई है। इस राशि से वे घर की आवश्यक वस्तुएं, रसोई का सामान, साग-सब्जी तथा दैनिक उपयोग की अन्य जरूरतों को सहजता से पूरा कर पा रही हैं।
कबीला देवांगन कहती हैं कि पहले घरेलू जरूरतों को पूरा करने के लिए कई बार आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब योजना से मिलने वाली नियमित सहायता ने उनकी चिंताओं को काफी हद तक कम कर दिया है।






