
रायपुर,:शासन की किसान हितैषी नीतियों और मजबूत वितरण प्रणाली के परिणामस्वरूप किसानों को सहकारी समितियों और केंद्रों से डीएपी, यूरिया और एनपीके जैसे उर्वरक सुगमता और समय पर प्राप्त हो रहे हैं। कृषि कार्य में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए सरकार कई महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। किसानों को सस्ती दरों पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा भारी सब्सिडी प्रदान की जाती है। उर्वरकों की समय पर उपलब्धता से किसानों की बुवाई समय पर हो रही है और कृषि कार्य में भारी सहूलियत मिल रही है।
राज्य शासन की किसान हितैषी नीतियों और कृषि विभाग की सतत निगरानी के चलते खरीफ सीजन में किसानों को आवश्यक उर्वरकों की समयबद्ध एवं सुगम उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। सहकारी समितियों के माध्यम से पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से खाद-बीज का वितरण किया जा रहा है, जिससे किसानों की खेती संबंधी तैयारियों को गति मिली है और कृषि कार्य अधिक सुचारु रूप से संचालित हो रहे हैं।
बिना परेशानी आवश्यक उर्वरक समय पर हुआ प्राप्त
मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिले के विकासखंड अंबागढ़ चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत बागनारा निवासी किसान बिझवार सिंह पटेल ने उर्वरक वितरण व्यवस्था की सराहना करते हुए बताया कि उन्हें आदिमजाति सेवा सहकारी समिति आड़ेझर के समिति केंद्र से बिना किसी परेशानी के आवश्यक उर्वरक समय पर प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि समिति पहुंचने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत सहजता से खाद उपलब्ध कराया गया, जिससे खरीफ फसल की तैयारियां समय पर पूरी हो रही हैं।
पारदर्शी वितरण से अनावश्यक परेशानी नहीं, समय और श्रम की हो रही बचत
करीब छह एकड़ कृषि भूमि पर खेती करने वाले श्री पटेल ने बताया कि उन्हें समिति से उनकी आवश्यकता के अनुरूप् चार बोरी यूरिया, दो बोरी पोटाश तथा अन्य आवश्यक उर्वरक प्राप्त हुए हैं। समय पर खाद मिलने से फसल प्रबंधन में सुविधा होगी और उत्पादन बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में किसानों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है तथा पारदर्शी वितरण प्रणाली के कारण समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है।










