
बेमेतरा:विकासखंड बेरला अंतर्गत नगर पंचायत भींभौरी में आयोजित सुशासन तिहार 2026 शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने आमजन से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं एवं मांगों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण हेतु आवश्यक निर्देश दिए।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिलाएं, किसान, युवा एवं विभिन्न योजनाओं के हितग्राही उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इसमें राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के प्रमाण पत्र, कृषि विभाग द्वारा प्रगतिशील किसानों को प्रशस्ति पत्र, मछली पालन विभाग की सामग्री, दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल तथा लखपति दीदियों को चेक एवं प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए। साथ ही छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं बोर्ड परीक्षा में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को भी प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी ने कहा कि सुशासन तिहार केवल एक शिविर नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच विश्वास, संवाद और समाधान का मजबूत माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य कर रही है, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करना है। यही कारण है कि आज गांव-गांव तक प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, किसान हितकारी योजनाएं, महिला सशक्तिकरण योजनाएं एवं विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” की भावना के साथ कार्य करते हुए समाज के हर वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य कर रही है। कल्पना योगेश तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों का पक्के घर का सपना साकार हो रहा है, वहीं आयुष्मान कार्ड गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत आधार बन रहा है। किसानों, महिलाओं, युवाओं एवं दिव्यांगजनों के लिए संचालित योजनाएं समाज में आत्मनिर्भरता और सम्मान बढ़ाने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी देश और समाज का भविष्य हैं। उनकी मेहनत और सफलता पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर मेहनत एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के साथ किया जाए तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। कार्यक्रम में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, पूर्व विधायक अवधेश सिंह चंदेल, नगर पंचायत अध्यक्ष संदीप परगनिहा, उपाध्यक्ष पुष्प रोशन साहू, एसडीएम डिप्टी वर्मा,सीएमओ हरीश साहू, तहसीलदार के. वासनिक, डॉ. यू.के. देवांगन, देव सिंह साहू, भोला शंकर वर्मा, नारायण वर्मा, ओमप्रकाश यदु सहित सभी पार्षदगण, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान जनसेवा, समाधान और विकास को लेकर सकारात्मक वातावरण देखने को मिला। सुशासन तिहार के माध्यम से आमजन को शासन की योजनाओं की जानकारी मिलने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान भी सुनिश्चित किया गया, जिससे लोगों में संतोष एवं विश्वास का भाव दिखाई दिया।











