
उत्तर बस्तर: कांकेर जिले ने जेईई मेन द्वितीय चरण परीक्षा के परिणामों में ऐतिहासिक सफलता दर्ज की है। इस वर्ष कुल 25 विद्यार्थियों ने जेईई एडवांस के लिए क्वालीफाई कर जिले का नाम रोशन किया है। इसके अतिरिक्त लगभग 24 छात्र एनआईटी, आईआईआईटी एवं अन्य प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों में प्रवेश के लिए पात्र हुए हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जेईई एडवांस के लिए कांकेर के 25 विद्यार्थियों ने क्वालीफाई किया है। विद्यालयवार आंकड़ों के अनुसार प्रयास आवासीय विद्यालय कांकेर एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भीरागांव के 5-5 विद्यार्थी तथा पीएमश्री विद्यालयों के 3 छात्रों ने यह उपलब्धि हासिल की है। कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने इस उपलब्धि को जिले की सुदृढ़ होती शिक्षा व्यवस्था का परिणाम बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और शिक्षा विभाग के ‘हमर लक्ष्य’ अभियान के तहत दी गई निःशुल्क कोचिंग, विषय विशेषज्ञों के मार्गदर्शन एवं नियमित टेस्ट सिरीज ने इस सफलता में निर्णायक भूमिका निभाई है। इस सफलता में जिला प्रशासन की हमर लक्ष्य योजना का विशेष योगदान रहा, जिसके तहत उन्हें निरूशुल्क कोचिंग और मार्गदर्शन मिला। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिला पंचायत ने भी विद्यार्थियों के अथक परिश्रम एवं आत्मविश्वास की सराहना की है।




