रायपुर:प्रदेश में राज्य स्तरीय युवा महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई है। आज यहां मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में राज्य युवा महोत्सव की तैयारियों को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक सम्पन्न हुई। राज्य युवा महोत्सव का आयोजन 23 से 25 दिसम्बर 2025 तक बिलासपुर में आयोजित किया जाना है। बिलासपुर के राज्य खेल परिसर बहतराई और पुलिस ग्राउंड बिलासपुर में राज्य युवा महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न विद्याओं के प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। जिला स्तरीय युवा महोत्सवों के विजेता प्रतिभागी एवं दल राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में सम्मिलित हो रहे है। भारत सरकार द्वारा निर्धारित विद्याओं में राज्य स्तरीय युवा महोत्सव के विजेता प्रतिभागी राष्ट्रीय युवा महोत्सव में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। मुख्य सचिव ने युवा महोत्सव के वृहद एवं भव्य आयोजन हेतु शासन के विभिन्न अधिकारियों को समन्वय एवं सहयोग से कार्य करने के निर्देश दिए है। मुख्य सचिव ने कलेक्टर बिलासपुर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राज्य युवा महोत्सव के आयोजन के संबंध में जरूरी व्यवस्था के संबंध में विस्तार से निर्देश दिए।
राज्य युवा महोत्सव में जिलों के प्रतिभागी, निर्णायक, अधिकारी-कर्मचारी को मिलाकर करीब 4000 लोग शामिल होंगे। राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में करीब 14 विद्याओं के साथ सांस्कृतिक गतिविधियां, प्रसिद्ध कलाकारों का गायन और कवि सम्मेलन बैंड की प्रस्तुतियां के मंचीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विभिन्न विद्याओं में लोक नृत्य, पंथी नृत्य, राउत नाचा, सुआ नृत्य, कर्मा नृत्य, लोक गीत, वाद-विवाद, कहानी लेखन, चित्रकला, कविता लेखन, नवाचार, प्रारंपरिक वेशभूषा, रॉकबैंड आदि शामिल हैं। इन प्रतियोगिताओं में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग लेंगे।









