रायपुर:रजत जयंती वर्ष एवं दीपावली पर्व के अवसर पर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के अंतर्गत बिहान बाजार का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
*दीपावली से जुड़ी पारंपरिक वस्तुओं का रहा आकर्षण*
चार दिवसीय इस आयोजन में दीपावली पर्व से संबंधित पारंपरिक वस्तुएँ जैसे मिट्टी के दीपक, बाती, लाई, बताशा, बाँस से निर्मित उपयोगी सामान, खाद्य सामग्री शुद्ध सरसों का तेल, श्रृंगार सामग्री, सहित अन्य उपयोगी वस्तुओं के साथ ही फूड ज़ोन भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बना जहाँ दीपावली की तैयारी से जुड़ी हर सामग्री एक ही स्थान पर उपलब्ध रही।
*ग्रामीण महिला समूहों के उत्पादों को मिली पहचान*
बिहान बाजार में ग्रामीण स्व-सहायता समूहों की महिलाओं के उत्पादों का उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा। जहां विभिन्न महिला समूहों ने पारंपरिक और स्थानीय उत्पाद प्रस्तुत किए, जिन्हें प्रशासन और आम नागरिकों द्वारा प्रोत्साहित किया गया।
*9 महिला समूहों ने की 4.53 लाख की बिक्री*
बिहान बाजार में कुल 9 महिला स्व-सहायता समूहों ने अपने स्टॉल लगाए। इन समूहों द्वारा चार दिवसों में लगभग 4 लाख 53 हजार रुपये की सामग्रियों का विक्रय किया गया।
ग्रामीण महिलाओं की सफलता उनके मेहनत, गुणवत्ता और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बन रही है। राज्य सरकार की बिहान योजना के अंतर्गत यह उपलब्धि महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त कदम है।








