बेमेतरा:नगर पंचायत दाढ़ी (जिला बेमेतरा) में आज विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन को लेकर एक भव्य और ऐतिहासिक कार्यक्रम का जिला प्रशासन के द्वारा आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
हेलीपेड पर मुख्यमंत्री के आगमन पर कल्पना तिवारी ने उन्हें पारंपरिक छत्तीसगढ़ी अंदाज़ में तिलक लगाकर और फूल-माला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया।क्षेत्रीय विकास को लेकर दृढ़ संकल्पित कल्पना तिवारी ने जिले के विकास के विभिन्न कार्यों शिलान्यास करने के लिये आभार प्रकट किया और कहा, “आज का दिन बेमेतरा जिले के लिए गौरव का क्षण है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश एक नए युग की ओर अग्रसर है। हम सभी प्रतिनिधियों का दायित्व है कि हम जनता की अपेक्षाओं और ज़रूरतों को प्राथमिकता देते हुए सतत विकास की दिशा में काम करें।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जिला पंचायत बेमेतरा क्षेत्र के हर गांव, हर मोहल्ले तक विकास की रोशनी पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।कार्यक्रम के दौरान मंच पर अन्य कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे, जिनमें विधानसभा अध्यक्ष डा. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयालदास बघेल, बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, साजा विधायक ईश्वर साहू एवं भाजपा प्रदेश मंत्री अवधेश चंदेल प्रमुख रूप से शामिल रहे।
कार्यक्रम में नगर पंचायत दाढ़ी सहित पूरे क्षेत्र से भारी संख्या में लोग उपस्थित हुए। महिलाओं, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों और किसानों का उत्साह देखने लायक था। कार्यक्रम स्थल पर जनसैलाब उमड़ पड़ा, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि सरकार और जनप्रतिनिधियों के कार्यों को जनता का पूरा समर्थन प्राप्त है।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। यह दिन बेमेतरा जिले के विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में याद रखा जाएगा।











