रायपुर:राज्यपाल रमेन डेका जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ जिले के प्रवास पर रहे। छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के बाद पहली बार जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी जिले की सीमा क्षेत्र में पहली बार राज्यपाल का आगमन हुआ। यह पहला मौका था, जब प्रदेश के राज्यपाल जिले की सीमा में पहुंचे। राज्यपाल ने यहां जिला कार्यालय के सभाकक्ष में प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में चलाये जा रहे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों, योजनाओं की जानकारी ली। राज्यपाल श्री रमेन डेका ने कहा कि अधिकारीगण प्रशासनिक उत्तरदायित्व और जवाबदेही के साथ आम जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझें। जनता से संवाद करें और उसकी समस्या को सुनकर सुलझाएं।
राज्यपाल रमेन डेका ने जल संचयन और जल संरक्षण के लिए किये जा रहे प्रयासों और कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जल संचयन और जल संरक्षण के लिए निजी क्षेत्र के लोगों को डबरी निर्माण के लिए प्रोत्साहित करें। इसके साथ ही सभी शासकीय कार्यालयों और भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग अवश्य बनाएं।










