रायपुर:राज्यपाल रमेन डेका आज कोण्डागांव जिले में अपने प्रथम प्रवास के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में राज्यपाल ने केन्द्र एवं राज्य शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का क्रियान्वयन के लिए पूरी मेहनत के साथ कार्य करते हुए जिले के विकास की गति में तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होेंने अधिकारियों से विभागीय योजनाओं के जमीन स्तर पर क्रियान्वयन को देखने के लिए फील्ड पर जाने और हितग्राहियों से फीडबैक लेने को कहा।
इसके पूर्व राज्यपाल ने जिला कार्यालय परिसर में एक पेड़ मां के नाम पर मौलश्री के पौधे का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।बैठक में राज्यपाल ने जल संरक्षण एवं संचयन पर जोर दिया और एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत सहभागिता बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जलाशयों, तालाबों का समुचित ध्यान रखें ताकि वर्षा का जल संचयन हो सके और उसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान एक योजना नहीं बल्कि एक मिशन है, जो कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।









