रायपुर:अंचल के राष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त संगीत गुरु पंडित गुणवंत माधवलाल व्यास जी की 86 वीं जयंती पर दो दिवसीय गुनरस पिया संगीत समारोह का भव्य आयोजन रायपुर में किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि अनुराग पाण्डेय (पूर्व आई ए एस) तथा विशेष अतिथि प्रसिद्ध न्यूरोलॉजिस्ट डॉ एच पी सिन्हा ने दीप प्रज्जवलन एवं गुरुजी के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जीवा तिवारी ने गुनरस पिया जी द्वारा राग-बिहग में रचित ताल-तीन ताल में निबद्ध सरस्वती स्तवन-जय शारदे सरस्वती माता, की प्रस्तुति दी। कौशल महंत द्वारा रचित और दीपक व्यास द्वारा स्वरबद्ध गुरुवंदन-वाग्देवी के वरद पुत्र, संगीत शस्त्र के ज्ञाता थे.. को संस्थान के सभी सदस्यों ने समवेत स्वर में प्रस्तुत किया, जिसमें सुशील गोल्हानी ने तबले पर एवं विनोद संघवी ने किबोर्ड पर संगत दी। इसके बाद आमंत्रित कलाकार नीरजा वाघ, डॉ सानिका रूईकर, विशाखा मंगदेएवं ईशान बेलगे ने गुनरस पिया की विभिन्न शास्त्रीय रचानाओं को प्रस्तुत किया। आपके साथ तबले पर ताल मणि अशोक कुर्म एवं संवादिनी पर लालाराम लोनिया ने सुंदर संगत दी।
अनुराग पाण्डे ने अपने उद्बोधन में संस्थान के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शास्त्रीय संगीत के संवर्धन और संरक्षण के कार्य में बहुत कम संस्था कार्य कर रही हैं, पण्डित गुणवंत माधावलाल व्यास स्मृति संस्थान के कार्य मील का पत्थर साबित होंगे। विशिष्ट अतिथि डॉ सिन्हा ने संस्थान के कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम की सूत्रधार रहीं अंचल की प्रसिद्द उद्घोषिका शुभ्रा ठाकुर, गुरु परिचय तथा संस्थान के कार्यों को कावेरी व्यास ने पढ़ा। विशेष बात यह रही कि सभी कलाकार पंडित गुणवंत व्यास की रचना को प्रस्तुत कर रहे थे।