रायपुर:महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से संचालित दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। यह बात शनिवार को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने स्पीकर हाउस राजनांदगांव में आयोजित कार्यक्रम में कही। इस अवसर पर उन्होंने योजना के तहत 9 महिला हितग्राहियों को ई-रिक्शा प्रदान कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
डॉ. सिंह ने कहा कि श्रम विभाग द्वारा संचालित दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना महिलाओं को आर्थिक मजबूती प्रदान करने की दिशा में एक प्रभावी पहल है। योजना के तहत प्रत्येक महिला को एक लाख रुपए की सब्सिडी दी गई है, जिससे वे स्वरोजगार कर अपने परिवार की आय बढ़ा सकेंगी। डॉ. सिंह ने कहा कि अब महिलाएं प्रतिदिन 400 से 600 रुपए तक आमदनी प्राप्त कर रही हैं, जिससे वे अपने घर का खर्च और बैंक किस्त जमा कर रही हैं।










