रायपुर:मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर के कोर्टयार्ड मैरियट होटल में आयोजित दैनिक भास्कर के प्राइड ऑफ छत्तीसगढ़ कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कार्यक्रम में समाज सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और व्यापार, इनोवेशन, कला, प्रशासन, खेल, रियल एस्टेट सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने इस कार्यक्रम में सम्मानित की जा रही विभूतियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन के लिए सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में विभिन्न सेक्टरों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित करने की यह अच्छी पहल है। इससे सम्मानित होने वाले लोगों का मान सम्मान बढ़ता है, उनको प्रोत्साहन मिलता है और अन्य लोगों को अच्छे कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। सम्मानित लोग उत्साह के साथ कार्य करते हुए समाज में आदर्श प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सभी की भागीदारी हो।









