नई दिल्ली:झारखंड के जमशेदपुर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि जेएमएम ने झारखंड में जमीन घोटाला किया और सोनिया गांधी ने कोविड के बाद एक भी बार अपने निर्वाचन क्षेत्र (रायबरेली) का दौरा नहीं किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के जमशेदपुर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस और जेएमएम वालों को विकास का क, ख, ग, घ… भी नहीं मालूम है। इनका तरीका है- झूठ बोलो, जोर से बोलो, बार-बार बोलो, इधर भी बोलो-उधर भी बोलो इनके मुद्दे हैं- गरीब की संपत्ति का एक्स-रे करेंगे, उसे छीनेंगे, SC-ST-OBC का आरक्षण छीनेंगे, मोदी जी को रोज नई-नई गालियां देंगे। इससे आगे ये सोच ही नहीं सकते हैं।
उन्होंने कहा, सामान्य मानव को गरीब रखकर कांग्रेस और जेएमएम ने अपने घरों में काली कमाई का अंबार लगा रखा है। कांग्रेस और जेएमएम जैसी पार्टियों ने हमारे झारखंड को हर मौके पर लूटा है।
प्रधानमंत्री ने संबोधन में कहा कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है। जेएमएम ने झारखंड में जमीन घोटाला किया। इन्होंने गरीब आदिवासियों की जमीनें हड़पीं, सेना की जमीनें हड़पीं। इनके घरों से जो नोटों के पहाड़ बरामद हुए हैं, वे पैसे आपके हैं। मोदी इन बेईमानों के ठिकानों से पैसा बरामद करवा रहा है। मैं इन पैसों को सरकार की तिजोरी में ले जाने के लिए बरामद नहीं कर रहा हूं। मैं रास्ता खोज रहा हूं, ये सारे पैसे जिनके हैं, मैं उन गरीबों को इसे लौटाऊंगा। ये मोदी की गारंटी है।












