
रायपुर:महिलाओं ने अपनी क्षमता, योग्यता और हौसले से हर क्षेत्र में कामयाबी का परचम लहराया है। छत्तीसगढ़ में हमेशा महिलाओं का स्थान ऊंचा रहा है, लेकिन आर्थिक भागीदारी के मामले में आज भी महिलाओं के लिए काफी काम करने की जरूरत है। इसे देखते हुए राज्य सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। प्रदेश में महतारी वंदन योजना शुरू कर महिलाओं की आर्थिक मजबूती की नई राह तैयार की गई है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा छत्तीसगढ़ की महिलाओं को गारंटी के तहत राज्य सरकार द्वारा महतारी वंदन योजना में महिलाओं के खाते में हर माह एक हजार रूपए अंतरित किये जाएंगे। इस प्रकार महिलाओं को प्रतिवर्ष 12 हजार रूपए मिलेंगे जिसका उपयोग महिलाएं अपनी रोजमर्रा की जरूरतों के साथ अपने तथा परिवार के स्वास्थ्य, पोषण या अन्य कमी को पूरा करने में कर सकेंगी। राज्य सरकार ने इसके लिए वर्ष 2024-25 के बजट में 3000 करोड़ रुपये और वित्तीय वर्ष 2023-24 के अनुपूरक बजट में 1200 करोड़ रूपए का प्रावधान किया है। इससे उनके समाजिक स्तर में सुधार होगा और परिवार में आर्थिक भागीदारी बढ़ेगी। योजना का लाभ विवाहित महिला के अलावा विधवा, तलाकशुदा, परित्यक्ता महिलाओं को भी मिलेगा।