
महासमुंद:सिरपुर महोत्सव में पहली बार चित्रोतप्ला गंगा आरती की शुरुआत हुई है। रविवार शाम प्रशासनिक अधिकारियों सहित जनप्रतिनिधि गंगा आरती में शामिल हुए। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में शामिल होकर दीपदान भी किया। धूप और अगरबत्ती की खुशबू से महानदी का पवित्र तट महक उठा साथ ही दीपदान से तट जगमगा उठा।
गंगा आरती में जिला पंचायत सीईओ एस. आलोक, अपर कलेक्टर रवि साहू, अनुविभागीय अधिकारी उमेश साहू, रेखराज शर्मा, डिप्टी कलेक्टर हरिशंकर पैकरा, जनसंपर्क अधिकारी पोषण साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालुगण बड़ी संख्या में शामिल हुए।
वहीं स्थानीय कार्यक्रमों में आदिवासी छात्रावास सिरपुर की बालिकाओं ने छत्तीसगढ़ी लोकगीत और संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर सबका मन मोह लिया। इसके पश्चात मुंबई से पहुंचे प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा महाभारत के गीता का सार की संगीतमय प्रस्तुति हुई।







