रायपुर :. उच्च शिक्षा विभाग के तत्वावधान में विप्र कला, वाणिज्य एवं शारीरिक शिक्षा महाविद्यालय द्वारा आयोजित विप्र ट्रॉफी अंतर महाविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता में दूसरे दिवस प्रथम मैच में हरिशंकर कॉलेज ने अग्रसेन कॉलेज को 120 रन से पराजित किया। प्रथम बल्लेबाजी करते हुए हरिशंकर कॉलेज ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 185 रन बनाएं। देवव्रत ने 27 बाल में 49 रन, ईशान ने 41 गेंद में 48 रन व जयदेव ने 7 गेंद में 14 रन की शानदार पारी खेली।

अग्रसेन कॉलेज के आदर्श व यश ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में हरिशंकर कॉलेज के कसी हुई गेंदबाजी के कारण अग्रसेन की टीम 65 रण में आलआउट हो गई। अभिषेक, करण, शुभम एवं आशुतोष ने दो-दो विकेट लिए । खिलाड़ियों के उत्साह वर्धन के लिएआज अग्रसेन कॉलेज के प्राचार्य डॉ यूलेन्द्र राजपूत उपस्थित थे।
विप्र कॉलेज मैदान में खेले गए दूसरा मैच शंकराचार्य व महाराजा अग्रसेन कॉलेज के बीच सिर्फ दस ओवर का मैच ही हो पाया, बारिश के कारण मैच बाधित रहा। महाराजा अग्रसेन कॉलेज ने 10 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 79 रन बना लिए थे ।आगे का मैच तीसरे दिवस खेला जाएगा।
यह जानकारी देते हुए प्राचार्य डॉ. मेघेश तिवारी ने बताया कि विप्र ट्रॉफी क्रिकेट प्रतियोगिता के तीसरे दिवस 4 नवंबर को पहला मैच पैलोटी कॉलेज रायपुर एवं शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुरूद के बीच खेला जाएगा। दूसरा मैच दुर्गा महाविद्यालय एवं शासकीय नागार्जुन विज्ञान महाविद्यालय रायपुर के बीच होगा। इसके बाद दूसरे दिवस का स्थगित मैच शंकराचार्य एवं महाराजा अग्रसेन कॉलेज के बीच खेला जाएगा।









