रायपुर:मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से आज धमतरी विधानसभा क्षेत्र में भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान लोहरसी सर्किट हाउस में विभिन्न सामाजिक संगठनों और प्रतिनिधिमंडलों ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर विभिन्न समाज के प्रतिनिधियों की मांग पर सामाजिक भवन के निर्माण के लिए राशि स्वीकृत करने के साथ ही उनकी समस्याओं के निदान के लिए निर्देश जिला प्रशासन को दिए हैं।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से भेंट-मुलाकात के दौरान स्थानीय निवासियों की मांग पर धमतरी शहर में मिनी स्टेडियम निर्माण के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। चेम्बर ऑफ कामर्स के प्रतिनिधि मंडल द्वारा होलसेल व्यापार के लिए 50 एकड़ जमीन की मांग पर मुख्यमंत्री ने कलेक्टर और महापौर को कार्यवाही करने कहा। वन औषधि का अलग केन्द्र बनाकर व्यापारियों को रीपा से जोड़ने के लिए भी अधिकारियों को निर्देश दिए।








