
जशपुर:मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जशपुर जिले के बगिया स्थित कैम्प कार्यालय में क्षेत्र के किसानों को बड़ी सौगात देते हुए 79 करोड़ 38 लाख 78 हजार रुपए की लागत से बनने वाली बगिया बैराज सह दाबयुक्त उद्वहन सिंचाई परियोजना के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से क्षेत्र के 13 गांवों के 3,921 से अधिक किसानों को सीधा लाभ मिलेगा तथा 8,454 हेक्टेयर कृषि भूमि में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर कहा कि खेती-किसानी छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था का आधार है और किसानों की समृद्धि हमारी सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त सिंचाई सुविधा के अभाव में किसानों को कई बार मौसम और वर्षा पर निर्भर रहना पड़ता है। बगिया बैराज परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र के किसानों की यह चिंता काफी हद तक दूर होगी। उन्हें खरीफ के साथ रबी की फसल के लिए भी सिंचाई का पानी उपलब्ध हो सकेगा। इससे किसान वर्ष में एक से अधिक फसल लेकर अपनी आमदनी बढ़ा सकेंगे।








