
रायपुर:स्वदेश दर्शन योजना के तहत करीब ₹146 करोड़ की लागत से विकसित हो रहे भोरमदेव कॉरिडोर के सभी प्रोजेक्ट की उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने समीक्षा की।
निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर दोनों मंत्रियों ने नाराजगी जताते हुए हर 15 दिन की स्पष्ट कार्ययोजना बनाने और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप जमीन पर ठोस प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पर्याप्त मशीनरी, मानव संसाधन और संसाधन उपलब्ध कराने के साथ गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं करने को कहा गया।
निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप काम नहीं होने पर संबंधित ठेकेदारों को कार्य से पृथक करने तथा अनुबंध की शर्तों के तहत कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही भोरमदेव मंदिर की ऐतिहासिक वास्तुकला और पहचान के अनुरूप कॉरिडोर का निर्माण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सुशासन सरकार भोरमदेव की ऐतिहासिक विरासत, पर्यटन सुविधाओं और क्षेत्रीय विकास को गति देने के लिए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य सुनिश्चित कर रही है।








