
जांजगीर -चाम्पा: जिले में बच्चों के अधिकारों, सुरक्षा और संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के माध्यम से विद्यालयों में निरंतर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण, बाल अधिकारों और संकट की स्थिति में सहायता प्राप्त करने के उपायों की जानकारी दी जा रही है।
इसी क्रम में शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय लक्ष्मीबाई, चांपा तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खोखरा में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने विद्यार्थियों को बाल अधिकार, बाल संरक्षण, बाल सुरक्षा, बाल श्रम निषेध, बाल विवाह रोकथाम, बाल तस्करी तथा बच्चों से संबंधित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
’संकट में बच्चों के लिए 24 घंटे उपलब्ध है चाइल्ड हेल्पलाइन 1098’
विद्यार्थियों को बताया गया कि चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 बच्चों के लिए 24 घंटे एवं सप्ताह के सातों दिन संचालित निःशुल्क आपातकालीन सेवा है। अनाथ, बेसहारा, बाल श्रम में संलिप्त, बाल विवाह की आशंका वाले, शोषण अथवा दुर्व्यवहार से प्रभावित या किसी अन्य संकटपूर्ण परिस्थिति में रहने वाले बच्चों की सूचना 1098 पर दी जा सकती है। सूचना मिलने पर संबंधित टीम द्वारा त्वरित हस्तक्षेप करते हुए बच्चे को आवश्यक संरक्षण एवं पुनर्वास सेवाएं उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाती है।









