
रायपुर:देशभर के महाविद्यालयों में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत छात्रों को जागरूक करने के लिए रैलियां, शपथ ग्रहण, और नुक्कड़ नाटक जैसे विशेष कार्यक्रम तेजी से आयोजित किए जा रहे हैं। युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश देने के लिए इन अभियानों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत धमतरी जिले के सात प्रमुख महाविद्यालयों में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रमों की धूम रही। सौ सप्ताह के इस विशेष अभियान के अंतर्गत सैकड़ों विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक, रैली और विभिन्न स्पर्धाओं के जरिए समाज को नशे के खिलाफ एक प्रभावी संदेश दिया।
*रंगारंग प्रतियोगिताओं से दिया नशामुक्ति का संदेश*
जिले के बीसीएस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धमतरी, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुरूद, शासकीय कन्या महाविद्यालय धमतरी, सुखराम नागे शासकीय महाविद्यालय नगरी, शासकीय महाविद्यालय आमदी, छत्तीसगढ़ महतारी महाविद्यालय भखारा तथा यशवंत राव मेघावाले शासकीय महाविद्यालय मगरलोड में एक साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैली, चित्रकला, स्लोगन लेखन, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं में अपनी रचनात्मकता से नशे के दुष्प्रभावों को रेखांकित किया।








