
जगदलपुर:बस्तर जो कभी नक्सल हिंसा के लिए जाना जाता था, आज बदलाव और विकास की कहानी लिख रहा है। बस्तर जिले के ग्राम पंचायत नेतानार में स्थापित शहीद वीर गुंढाधुर सेवा डेरा जन सुविधा केंद्र ग्रामीणों खासकर महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता और हुनर को निखारने का नया माध्यम बन रहा है।
ग्राम पंचायत नेतानार के सीआरपीएफ कैम्प में संचालित सेवा डेरा में जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना ने सिलाई मशीन प्रशिक्षण, ढेकी से चावल निर्माण एवं इमली चपाती निर्माण जैसी गतिविधियों का अवलोकन किया। इस दौरान महिला समूह की महिलाओं को प्रोत्साहित करते हुए सीईओ श्री खन्ना ने कहा कि महिलाओं के प्रयास ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में प्रेरणादायक हैं और इन गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने सिलाई प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं के लिए उत्पादन (प्रोडक्शन) यूनिट स्थापित करने की पहल करने के निर्देश दिए, ताकि प्रशिक्षित महिलाओं को स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार और नियमित आय के बेहतर अवसर मिल सकें। साथ ही समूह आधारित उत्पादन, गुणवत्ता सुधार और उत्पादों के विपणन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।









