
रायपुर:उप मुख्यमंत्री अरुण साव शुक्रवार को दुर्ग में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कार्यक्रम में देश की एकता और अखंडता के लिए सभी से सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज भी भाषा, जाति, क्षेत्र और संप्रदाय के नाम पर समाज को बांटने की कोशिशें होती हैं। ऐसी ताकतों से देशवासियों को सावधान रहना होगा।
श्री साव ने कहा कि 14 अगस्त 1947 का विभाजन केवल जमीन का बंटवारा नहीं था। यह करोड़ों दिलों, सपनों और रिश्तों के बिखरने की दर्दनाक घटना थी। विभाजन के दौरान लाखों लोगों की जान गई और करोड़ों परिवारों को अपना घर छोड़कर विस्थापित होना पड़ा। अनेक लोगों ने अपने माता-पिता, भाई-बहन और प्रियजनों को खोया। लाखों परिवारों को विस्थापन का दर्द झेलना पड़ा।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि स्वतंत्रता हमारे पूर्वजों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। विभाजन ने उस संघर्ष को गहरा दर्द दिया। उन्होंने कहा कि जो समाज अपने इतिहास से सीख नहीं लेता, उसे भविष्य में बड़ी कीमत चुकानी पड़ती है।









