
रायपुर:मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन की कृषक उन्नति योजना किसानों के लिए आर्थिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बन रही है। योजना के तहत समर्थन मूल्य पर धान विक्रय करने वाले किसानों को दी जा रही प्रोत्साहन राशि से वे आधुनिक कृषि उपकरण खरीदकर खेती को अधिक वैज्ञानिक, सुविधाजनक और लाभकारी बना रहे हैं। इससे कृषि मशीनीकरण को बढ़ावा मिलने के साथ किसानों की आय और आत्मनिर्भरता भी मजबूत हो रही है।
प्रदेशभर में बड़ी संख्या में किसान कृषक उन्नति योजना का लाभ लेकर खेती में आधुनिक तकनीकों और कृषि यंत्रों का उपयोग बढ़ा रहे हैं। प्रोत्साहन राशि का उपयोग ट्रैक्टर, कृषि उपकरण, सिंचाई सुविधाओं तथा अन्य कृषि निवेशों में किया जा रहा है, जिससे खेती की लागत कम होने और उत्पादन बढ़ने में मदद मिल रही है।
सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड के ग्राम चकेरी निवासी किसान रामसाय इसका प्रेरक उदाहरण हैं। उनके पास लगभग 3.5 एकड़ कृषि भूमि है। उन्होंने इस वर्ष अपनी 69 क्विंटल धान की उपज समर्थन मूल्य पर सहकारी समिति में विक्रय की। इसके बाद उन्हें कृषक उन्नति योजना के तहत लगभग ₹50 हजार की प्रोत्साहन राशि प्राप्त हुई। इस राशि में अपनी बचत जोड़कर उन्होंने ट्रैक्टर खरीदा, जिससे उनकी खेती को नई गति मिली।







