
रायपुर:। कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पथराव के दोषी भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किये जाने के पुलिस के लिखित आश्वासन के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने खम्हारडीह थाने में 18 घंटे से चल रहे धरने को एक सप्ताह के लिये स्थगित कर दिया। पुलिस ने कांग्रेस की तीनो मांगो पर कार्यवाही का आश्वासन दिया।
1. कांग्रेस के आवेदन पर सात दिनों के अंदर जांच कर कांग्रेस भवन पर हमला करने वाले भाजपाइयों पर एफआईआर।
2. घायल कांग्रेस कार्यकर्ताओं का डॉक्टरी मुलाहिजा करवा के दोषियों पर एफआईआर।
3. जिन कांग्रेसजनों पर गैर जमानतीय धाराएं लगाई गई है उसकी विवेचना कर गैर जमानतीय धाराएं हटाई जाएगी ।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा सरकार के मंत्री भीड़ लेकर कांग्रेस कार्यालय पर हमला करने आये थे। लोकतंत्र में विरोध करने का सभी को अधिकार है, लेकिन विपक्षी दल के दफ्तर में मंत्रियो के सामने पथराव किया जाता है, गाली गलौच किया जाता है, यह सर्वथा अस्वीकार्य है। भाजपा के मंत्रियो ने सत्ता के नशे में लोकतांत्रिक मर्यादाओं को तार-तार किया है। कांग्रेस भाजपा के इस कृत्य की निंदा करती है। यदि पुलिस ने अपने आश्वासन के अनुरूप न्याय पूर्ण कार्यवाही नहीं किया तो हम फिर आंदोलन करेंगे।







