
बेमेतरा:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “12 वर्ष विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के” अभियान अंतर्गत बेमेतरा में आयोजित अनुभाग स्तरीय शिविर में भाजपा किसान नेता एवं सर्व हिंदू सनातन संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री योगेश तिवारी शामिल हुए। इस अवसर पर विभिन्न शासकीय योजनाओं के नए पंजीयन, सुधार एवं जनसमस्याओं के निवारण हेतु लगाए गए शिविर का अवलोकन कर उन्होंने हितग्राहियों एवं अधिकारियों से चर्चा की। शिविर में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को उपलब्ध कराई गई तथा पात्र हितग्राहियों का पंजीयन, दस्तावेज सुधार एवं समस्याओं का निराकरण किया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के नागरिकों ने शिविर में पहुंचकर विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। इस अवसर पर योगेश तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। गरीब, किसान, मजदूर, महिला, युवा एवं वंचित वर्ग के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं संचालित की गई हैं, जिनका लाभ सीधे लोगों तक पहुंच रहा है। आज सरकार की योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ी है और अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने की दिशा में प्रभावी कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन एवं डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। इन योजनाओं के माध्यम से समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाने का कार्य किया जा रहा है। योगेश तिवारी ने कहा कि ऐसे शिविर शासन और जनता के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं। इससे लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना नहीं पड़ता और एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध हो जाती हैं। उन्होंने शिविर में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि जनसेवा की भावना से किया गया कार्य ही सुशासन की वास्तविक पहचान है। उन्होंने आमजन से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा पात्र लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है और केंद्र सरकार इसी लक्ष्य को लेकर निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा,रायपुर जिला प्रभारी राजेंद्र शर्मा,लक्की साहू ,प्रणीश रजक नीतू कोठारी,विजय साहू,विकाश तम्बोली,युगल देवांगन,दिवाकर जी गोपी साहू, एवं जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे










