
रायपुर:प्रदेश में खरीफ सीजन 2026 की तैयारियों को लेकर राज्य सरकार पूरी तरह सक्रिय है। सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने रासायनिक उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को समय पर और सुगमता से खाद उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने सभी सहकारी समितियों के गोदामों में आवश्यक उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने तथा किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।
खरीफ सीजन के लिए उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण
सहकारिता मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को खेती-किसानी के लिए हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। खरीफ सीजन के लिए सहकारिता क्षेत्र को 10 लाख मीट्रिक टन रासायनिक उर्वरक उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 3 जून 2026 तक लक्ष्य का लगभग 55 प्रतिशत उर्वरक भंडारित किया जा चुका है तथा 1.80 लाख मीट्रिक टन खाद किसानों को वितरित की जा चुकी है।
समितियों में उपलब्ध है पर्याप्त खाद का स्टॉक
समीक्षा बैठक में बताया गया कि वर्तमान में सहकारी समितियों के गोदामों में यूरिया, डीएपी, एनपीके, पोटाश और सुपर फॉस्फेट सहित विभिन्न प्रकार के उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। बरसात की संभावना को देखते हुए किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी आवश्यकता के अनुसार अग्रिम रूप से खाद का उठाव कर लें, ताकि खेती के समय किसी प्रकार की परेशानी न हो।










