
राज्य शासन की मंशा अनुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और शासकीय योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित हो रहा सुशासन तिहार 2026 ग्रामीण अंचलों के लिए सही मायनों में वरदान सिद्ध हो रहा है। जिले के विकासखंड के ग्राम पंचायत खड़गवां कला में गुरुवार को आयोजित समाधान शिविर इसका जीवंत उदाहरण बन गया, जब पूरन कुमार पंडो एवं उनकी धर्मपत्नी प्रमिला पंडो को आवेदन प्रस्तुत करते ही शिविर दिवस पर मौके पर ही आयुष्मान कार्ड सौंप दिया गया।
मौके पर ही पूरी हुई प्रक्रिया, हाथों-हाथ मिला कार्ड:-
शिविर में पहुंचे पूरन कुमार पंडो ने अपनी पत्नी के साथ बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लेने के उद्देश्य से आयुष्मान कार्ड हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। प्रशासनिक अमले ने पूरी संवेदनशीलता एवं तत्परता का परिचय देते हुए आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया तत्काल पूरी की और शिविर स्थल पर ही दंपति के नाम से आयुष्मान कार्ड जारी कर उन्हें सम्मानपूर्वक सौंप दिए। अब इस कार्ड के माध्यम से पंडो दंपति प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा का लाभ ले सकेंगे।
‘पहले लगाने पड़ते थे चक्कर, अब सरकार खुद आ रही द्वार‘:-
आयुष्मान कार्ड हाथ में आते ही पंडो दंपति की आंखों में संतोष और चेहरे पर मुस्कान की चमक स्पष्ट दिखाई दी। पूरन कुमार पंडो ने भावुक होते हुए कहा कि ‘पहले छोटे-छोटे कामों के लिए कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और धन दोनों खर्च होते थे। लेकिन अब सुशासन तिहार के माध्यम से सरकार स्वयं हमारे गांव तक पहुंचकर हमारी समस्याओं का समाधान कर रही है। यह वास्तव में संवेदनशील और जनहितकारी पहल है।‘
मुख्यमंत्री के प्रति जताया विशेष आभार:-
पूरन कुमार पंडो ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति विशेष आभार प्रकट करते हुए कहा कि आयुष्मान कार्ड मिलने से अब उनका परिवार चिंता मुक्त होकर बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ ले सकेगा।









