
बेमेतरा :स्थित रतन टॉकीज में प्रदर्शित फिल्म “द बिरनपुर फाइल्स” को देखने भाजपा किसान नेता एवं सर्व हिंदू सनातन संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेश तिवारी पहुंचे। यह फिल्म साजा विधायक ईश्वर साहू के जीवन संघर्ष एवं स्वर्गीय भुनेश्वर साहू से जुड़ी बिरनपुर की वास्तविक घटना पर आधारित है, जिसे अत्यंत संवेदनशील और प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया गया है। फिल्म में बिरनपुर की दर्दनाक घटना, उससे जुड़े सामाजिक हालात, पीड़ा, संघर्ष और न्याय की लड़ाई को प्रमुखता से दिखाया गया है।
यह फिल्म दर्शकों को भावुक करने के साथ-साथ समाज को जागरूक करने का भी कार्य करती है। इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए योगेश तिवारी ने कहा कि जिस प्रकार से उस समय बिरनपुर में यह दुखद घटना घटी थी और स्वर्गीय भुनेश्वर साहू के साथ जो हुआ, वह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए अत्यंत हृदय विदारक और पीड़ादायक घटना थी। आज इस फिल्म के माध्यम से हम उस सच्चाई को फिर से देख और समझ पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह फिल्म साजा विधायक ईश्वर साहू के जीवन संघर्ष तथा स्वर्गीय भुनेश्वर साहू से जुड़ी सच्ची घटना पर आधारित है, जिसे बेहद प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है। योगेश तिवारी ने फिल्म के निर्माता हेमलाल चतुर्वेदी एवं पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने साहस के साथ सच्ची घटना को समाज के सामने लाने का कार्य किया है।
योगेश तिवारी ने आगे कहा कि फिल्म में जिन परिस्थितियों और घटनाओं को दिखाया गया है, वे समाज को गंभीरता से सोचने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने कहा कि जिन भी दोषियों ने इस प्रकार की घटना को अंजाम दिया, उन्हें कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। आगे कहा कि फिल्म में जिन संवेदनशील विषयों को उठाया गया है, उनमें तथाकथित लव जिहाद जैसे मामलों को भी दिखाया गया है, जिससे समाज को सतर्क और जागरूक रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सोच, छल या दबाव या किसी को नुकसान पहुंचाना समाज के लिए घातक है और ऐसे मामलों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस फिल्म के माध्यम से समाज को यह संदेश देने का प्रयास किया गया है कि हमें आपसी भाईचारे, शांति और सद्भाव के साथ रहना चाहिए। किसी भी प्रकार के वैमनस्य, भेदभाव या गलत विचारों से दूर रहकर समाज को मजबूत बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। योगेश तिवारी ने कहा कि यह फिल्म केवल एक मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि एक सच्ची घटना पर आधारित ऐसा प्रयास है, जो समाज को जागरूक करने, सच्चाई को सामने लाने और भविष्य के लिए चेतावनी देने का कार्य करता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे ऐसी घटनाओं से सीख लेकर समाज में एकता और शांति बनाए रखने में अपनी भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों इस अवसर पर बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, साजा विधायक ईश्वर साहू, भाजपा रायपुर प्रभारी राजेन्द्र शर्मा, परमेश्वर वर्मा, पीयूष शर्मा ,गोलू कोशरे,पिंटू सिन्हा,संजू सिंह,जितेंद्र साहू,विकाश तंबोली,सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए ।










