रायपुर: रेलवे स्टेशन पर उस समय भक्ति और उत्साह का अद्भुत वातावरण देखने को मिला, जब कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल एवं श्री टंकराम वर्मा ने 850 तीर्थयात्रियों के दल को विशेष ‘रामलला दर्शन’ ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर अयोध्या के लिए रवाना किया। “जय श्री राम” के जयघोष से पूरा स्टेशन गूंज उठा और श्रद्धालुओं के चेहरों पर पहली बार प्रभु श्रीराम के दर्शन की खुशी साफ झलक रही थी।
तीर्थयात्रियों में अयोध्या जाने को लेकर अत्याधिक उत्साह का वातावरण था। अधिकांश श्रद्धालु पहली बार रामलला के दर्शन करने जा रहे थे और उन्होंने इस अवसर के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल का आभार व्यक्त किया। पर्यटन मंत्री श्री अग्रवाल ने यात्रियों से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और यात्रा के संबंध में चर्चा करते हुए उनकी सुविधाओं का भी जायजा लिया।









