
बेमेतरा: नेवनारा में एक दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन बड़े उत्साह और खेल भावना के साथ किया गया। इस प्रतियोगिता में आसपास के गांवों की कई टीमों ने भाग लिया, जिससे पूरे क्षेत्र में खेल का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों, युवाओं और खेल प्रेमियों की भारी उपस्थिति ने आयोजन को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर भाजपा किसान नेता एवं सर्व हिंदू सनातन संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेश तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके आगमन पर आयोजकों एवं ग्रामीणों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में पोषण सिन्हा, दुर्गेश वर्मा, राजेश साहू, राकी साहू, दीपक साहू, नागेश्वर साहू, अशोक वर्मा, बाबूलाल पाटिल, दिलेश्वर साहू, परमानंद निषाद, उदय वर्मा, सुरेश साहू एवं उदय पाल सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि योगेश तिवारी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल हमारी सांस्कृतिक पहचान हैं। ये खेल न केवल शारीरिक ताकत बढ़ाते हैं, बल्कि मानसिक मजबूती, अनुशासन, रणनीति और टीम वर्क की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे मोबाइल और नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहकर खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण स्तर पर इस प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित होना बेहद सराहनीय है, क्योंकि इससे छिपी हुई प्रतिभाओं को आगे आने का मंच मिलता है और युवा सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ते हैं।
पूरे दिन चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों और जोरदार तालियों के बीच दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। निर्णायकों द्वारा निष्पक्ष निर्णय दिए गए, जिससे प्रतियोगिता की गरिमा बनी रही।
आयोजन समिति ने बताया कि भविष्य में भी ग्राम नेवनारा में कबड्डी सहित अन्य खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन नियमित रूप से किया जाएगा, ताकि ग्रामीण युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित किया जा सके और क्षेत्र में खेल संस्कृति को और मजबूत बनाया जा सके।अंत में विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया और सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।









