बेमेतरा:देश के 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर जिला पंचायत कार्यालय परिसर में गरिमामय एवं हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन किया गया। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर अपने उद्बोधन में जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी ने कहा कि 26 जनवरी केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि हमारे लोकतंत्र, संविधान और जनआस्था का प्रतीक है। इसी दिन भारत ने स्वयं को एक संप्रभु, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में स्थापित किया। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान हमें समान अधिकार देता है, लेकिन साथ ही हमें कर्तव्यों का भी बोध कराता है, जिससे एक सशक्त और जिम्मेदार समाज का निर्माण होता है उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी पहली और सबसे बड़ी जिम्मेदारी अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक न्याय, विकास और सम्मान पहुँचाना है। जिला पंचायत का उद्देश्य केवल योजनाएं चलाना नहीं, बल्कि जनता के विश्वास पर खरा उतरते हुए उन योजनाओं को ज़मीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू करना है। जब तक शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ गांव, गरीब, किसान, महिला और युवा तक नहीं पहुँचेगा, तब तक विकास अधूरा माना जाएगा। अध्यक्ष तिवारी ने अपने विचार रखते हुए कहा कि ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे विषय जिला पंचायत की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं उन्होंने कहा कि गांव मजबूत होंगे, तभी जिला और प्रदेश मजबूत बनेगा। पंचायतें लोकतंत्र की नींव हैं और इनकी मजबूती से ही देश का भविष्य सुरक्षित होगा।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि वे संवेदनशीलता, पारदर्शिता, ईमानदारी और जवाबदेही के साथ जनता की सेवा करें। प्रत्येक कार्यालय आमजन के लिए सेवा का केंद्र है, जहाँ से किसी भी नागरिक को निराश होकर नहीं लौटना चाहिए। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के आपसी समन्वय से ही सुशासन संभव है जिला पंचायत अध्यक्ष ने यह भी कहा कि जनता का विश्वास ही सबसे बड़ी पूंजी है, और इस विश्वास को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जिला पंचायत बेमेतरा को विकास, सुशासन, सामाजिक समरसता और पारदर्शी प्रशासन का आदर्श जिला बनाने के लिए पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी अंत में उन्होंने गणतंत्र दिवस के अवसर पर सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे संविधान के मूल्यों समानता, स्वतंत्रता, बंधुत्व और न्याय—को अपने जीवन में आत्मसात करें और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि जब हर नागरिक अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करेगा, तभी भारत सच्चे अर्थों में एक मजबूत और विकसित राष्ट्र बनेगा कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने राष्ट्र निर्माण, सामाजिक एकता और संविधान के सम्मान की भावना के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। समारोह शांतिपूर्ण, गरिमामय एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर जिला पंचायत की उपाध्यक्ष खुशबू गोविंद वर्मा, सदस्य प्रीति पटेल प्रतिनिधि गोवेन्द्र पटेल, सुशीला जोशी, हरिश पंचराम साहू, पीयूष शर्मा, प्रियांशू सिंह तथा प्रेमलता पद्माकर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, भूमिका देसाई उप संचालक पंचायत, मेंश्राम, विष्णु साहू, मुकेश साहू, शत्रुहन निषाद, रुस्तम, अभिषेक राजपूत, असीम टिकरिहा, कुलेश्वर सोनी, हरचन मनहरे, दुष्यंत निर्मलकर, दीपक, नवरत्न धीवर, रतन धीवर, महेश सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।









