
रायपुर:भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता शिक्षा एवं जागरूकता (SVEEP) के क्षेत्र में वर्ष 2025 के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले मीडिया संस्थानों को सम्मानित करने हेतु राष्ट्रीय मीडिया अवार्ड–2025 के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं।इच्छुक मीडिया संस्थान अपनी प्रविष्टियां 07 जनवरी 2026 तक भारत निर्वाचन आयोग, निर्वाचन सदन, अशोका रोड, नई दिल्ली–110001 स्थित कार्यालय में भेज सकते हैं। इसके अतिरिक्त, प्रविष्टियां ई-मेल के माध्यम से media_division@eci.gov.in पर भी प्रेषित की जा सकती हैं।
राष्ट्रीय मीडिया अवार्ड–2025 के अंतर्गत आयोग द्वारा कुल चार श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इनमें प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया (टेलीविजन), इलेक्ट्रॉनिक मीडिया (रेडियो) तथा ऑनलाइन/इंटरनेट एवं सोशल मीडिया शामिल हैं। प्रत्येक श्रेणी में एक-एक पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। चयनित मीडिया संस्थानों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर 25 जनवरी 2026 को सम्मानित किया जाएगा।








