रायपुर:माता शाकम्बरी जयंती के पावन अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा कबीरधाम जिले के विभिन्न स्थानों पर आयोजित जयंती समारोहों में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने माता शाकम्बरी की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने ग्राम बेनदरची, मजगांव, सहसपुर लोहारा, लालपुर एवं मोहरा में पटेल समाज द्वारा आयोजित माता शाकम्बरी जयंती समारोहों में शामिल होकर समाजजनों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने छत्तीसगढ़ की पारंपरिक पर्व-परंपरा छेरछेरा की भी प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सामाजिक एकता, दान और सहयोग की भावना को मजबूत करता है। इस दौरान उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने मजगांव के भोयरा मरार पटेल समाज के नवनिर्मित सामुदायिक भवन का भी लोकार्पण किया।
उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि माता शाकम्बरी अन्न, प्रकृति और करुणा की प्रतीक हैं। उनका जीवन और संदेश समाज को आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण और मानव कल्याण की दिशा में प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि शाकम्बरी माता की उपासना हमें प्रकृति के प्रति सम्मान और संतुलित जीवन जीने की सीख देती है। बेनदरची में उन्होंने पटेल समाज के सदस्यों के साथ संवाद किया और सभी को माता शाकम्बरी जयंती की बधाई दी।









