जांजगीर-चांपा:जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण हेतु जिला प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर के निर्देशन में खनिज विभाग के जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल एवं राजस्व अमले द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर एक चैन माउंटेन मशीन एवं आठ ट्रैक्टर जब्त किए गए हैं।
खनिज अधिकारी ने बताया कि चांपा क्षेत्र में जांच के दौरान खनिज रेत के अवैध भंडारण स्थल से एक ट्रैक्टर (लोडर) तथा अवैध परिवहन में संलिप्त चार ट्रैक्टर पाए गए। अवैध भंडारण एवं परिवहन में संलिप्त पाए जाने पर उक्त वाहनों को खनिज नियमों के तहत जब्त किया गया है। इसी प्रकार ग्राम बरसपुर स्थित हसदेव नदी से खनिज रेत के अवैध उत्खनन में संलिप्त एक चैन माउंटेन मशीन को जब्त कर सील किया गया है। इसके अतिरिक्त तहसील बलौदा क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करते पाए जाने पर तीन ट्रैक्टर जब्त किए गए हैं। अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों एवं वाहनों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23(ख) के तहत कार्रवाई की जा रही है।









