दंतेवाड़ा:कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बुधवार को दंतेवाड़ा जिले के कुआकोंडा विकासखण्ड का सघन भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने कुआकोंडा, पालनार एवं अरनपुर के धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण करते हुए तौल प्रक्रिया, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा, नमी मापक यंत्र, बारदाने की उपलब्धता तथा किसानों के लिए पेयजल एवं बैठने की व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संचालित हो। साथ ही धान खरीदी की बढ़ती मात्रा को ध्यान में रखते हुए डनेज, तिरपाल तथा भंडारण व्यवस्था को मजबूत बनाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने यह भी कहा कि उपार्जन केन्द्र के आसपास उपलब्ध खाली स्थान को समतल कर साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि धान की ढेरी रखने में किसी तरह की समस्या न आए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वयं किसानों के धान का नमी मापक यंत्र से परीक्षण कर प्रक्रिया की पारदर्शिता और सटीकता का अवलोकन किया। इस मौके पर अधिकारियों ने जानकारी दी कि धान खरीदी केन्द्र कुआकोंडा में 1256 किसान पंजीकृत हैं, जिनमें से 68 किसानों ने अब तक धान बेचा है, जो 5.41 प्रतिशत है।









