
जगदलपुर:देशभर के विद्यार्थियों, शिक्षकों और पालकों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सीधे संवाद करने का एक और सुनहरा अवसर मिल रहा है। प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी परीक्षा पे चर्चा के भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जो इस श्रंखला का 9वाँ संस्करण होगा। प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम में राज्यों से चयनित बच्चों द्वारा परीक्षा से संबंधित पूछे गए सवालों के जवाब देकर उनका मार्गदर्शन करेंगे और उनके तनाव को कम करने का प्रयास करेंगे।
इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सभी प्रकार के विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 6 से 12 के विद्यार्थी, शिक्षक गण एवं पालकों को पोर्टल में जाकर अपने प्रश्न पूछने का अवसर सुलभ करवाया गया है। इस प्रतियोगिता की शुरुआत 1 दिसंबर को हो चुकी है और सभी हितग्राही अपने सवाल अपलोड करने के लिए 11 जनवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। प्रश्नों को अपलोड करने की सुविधा भारत सरकार द्वारा विशेष रूप से बनाए गए पोर्टल http://innovateindia1.mygov.in में प्रदान की गयी है। पोर्टल में प्रवेश करने पर प्रतिभागियों को अभी भाग लें-परीक्षा पे चर्चा 2026 का विकल्प मिलेगा, जहां वे पुरस्कारों के बारे में और जरूरी तारीखें जैसी अन्य जानकारी भी देख सकते हैं। यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि प्रतिभागी अपने सवाल अधिकतम 500 शब्दों के भीतर बनाकर रखें।






