रायपुर:खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान धान की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन राजनांदगांव द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीमों ने आज दो मामलों में 17 लाख 45 हजार 920 रुपए मूल्य का 563.20 क्विंटल (1408 बोरा) अवैध धान जब्त किया। जिले में अब तक 5 करोड़ 88 लाख 48 हजार 726 रुपए मूल्य का 18,983.46 क्विंटल (47,459 बोरा) अवैध धान तथा 11 वाहन जब्त किए जा चुके हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज राजनांदगांव अनुविभाग में 1 लाख 86 हजार रुपए मूल्य का 60 क्विंटल (150 बोरा) अवैध धान तथा डोंगरगांव अनुविभाग में 15 लाख 59 हजार 920 रुपए मूल्य का 503.20 क्विंटल (1258 बोरा) अवैध धान जब्त किया गया है। राजनांदगांव अनुविभाग में 3 करोड़ 35 लाख 89 हजार 120 रुपए मूल्य के 10,835.20 क्विंटल (27,088 बोरा) धान तथा 4 वाहन जब्त किए जा चुके हैं। इसी तरह डोंगरगढ़ अनुविभाग में 1 करोड़ 18 लाख 2 हजार 506 रुपए मूल्य का 3,807.26 क्विंटल (9,518 बोरा) धान तथा 2 वाहन, डोंगरगांव अनुविभाग में 1 करोड़ 34 लाख 57 हजार 100 रुपए मूल्य का 4,341 क्विंटल (10,853 बोरा) धान तथा 5 वाहन जब्त किए गए।









