रायपुर:अयोध्या धाम में विराजमान प्रभु श्री रामलला के दर्शन करके आज कवर्धा लौटे 69 श्रद्धालुओं का स्वागत अत्यंत भव्य और भावपूर्ण वातावरण में किया गया। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की ओर से जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नितेश अग्रवाल, नगरपालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, सतविंदर पाहुजा, नरेन्द्र मानिकपुरी एवं योगेश चंद्रवंशी ने विधायक कार्यालय में श्रद्धालुओं का पारंपरिक रीति से तिलक लगाकर, माला पहनाकर तथा शॉल और श्रीफल भेंटकर अभिनंदन किया।
श्रद्धालुओं ने बताया कि यह स्वागत उनकी तीर्थयात्रा को और भी विशेष और स्मरणीय बना गया। उन्होंने अयोध्या दर्शन के अपने अनुभव साझा किए और कहा कि भगवान श्री रामलला के दर्शन से मन को अद्भुत शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त हुई।









