रायपुर:प्रदेश में जारी धान खरीदी तिहार इस साल किसानों के लिए राहत, विश्वास और संतुष्टि का प्रतीक बन गया है। बेमेतरा जिले के ग्राम खाती निवासी किसान यशवंत साहू ने बताया कि सरकार की सुव्यवस्थित और पारदर्शी प्रणाली के कारण धान बेचने का अनुभव पहले से कहीं अधिक सहज रहा। उन्होंने पदुमसरा धान खरीदी केंद्र में कुल 192 क्विंटल धान बेचा और प्रशासनिक इंतज़ामों की सराहना की।
यशवंत साहू ने कहा कि “इस बार ऑनलाइन टोकन व्यवस्था के कारण केंद्रों में अनावश्यक भीड़ नहीं दिखती। तय समय पर पहुंचने से तुरंत तौल शुरू हो जाती है। इससे किसानों का समय और मेहनत दोनों बच रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा कि खरीदी केंद्र में तौल, गुणवत्ता परीक्षण, भुगतान प्रक्रिया और लाइन व्यवस्था सभी पहले की तुलना में काफी सुचारू है। पेयजल, बैठने की जगह और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था से किसानों को आरामदायक माहौल मिल रहा है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि “धान विक्रय में इस बार कोई दिक्कत नहीं आई, सारी प्रक्रिया सहज और बिना किसी बाधा के पूरी हुई।”









