रायपुर:देश के पहले उप प्रधानमंत्री और भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जन्म जयंती के अवसर पर कल कोरबा नगर में भव्य यूनिटी मार्च का आयोजन किया गया। यह आयोजन 15 ब्लॉक सरदार पटेल सामुदायिक भवन व परिसर से प्रारंभ होकर कोसाबाड़ी चौक स्थित निर्मला कान्वेंट स्कूल परिसर में संपन्न हुआ।
देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द्र के प्रतीक सरदार पटेल की स्मृति में निकाली गई इस रैली में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन, महापौर संजूदेवी राजपूत, विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल, कलेक्टर अजीत वसंत सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, युवाओं, विद्यार्थियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भारत माता की जय, सरदार पटेल अमर रहें और वंदे मातरम् के उद्घोष से शहर का वातावरण देशभक्ति से गुंजायमान रहा।
यूनिटी मार्च सरदार वल्लभभाई पटेल परिसर से आरंभ होकर नगर के प्रमुख चौक ट्रांसपोर्ट नगर चौक, सीएसईबी पूर्व चौक, अटल परिसर-विवेकानंद उद्यान, घंटाघर चौक, सुभाष चौक होते हुए कोसाबाड़ी चौक तक पहुँची। यूनिटी मार्च के शुभारंभ के दौरान अतिथियों ने पहले सरदार वल्लभभाई पटेल जी के प्रतिमा में माल्यार्पण किया।









