
महासमुंद:छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में महासमुंद जिले में राज्योत्सव कार्यक्रम का शुभारम्भ महासमुंद लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी ने छत्तीसगढ़ महतारी की छायाचित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर 23 विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं का स्टॉल लगाया गया था। साथ ही छत्तीसगढ़ी लोक कला और संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में स्थानीय लोक कला मंच, लोक कलाकारों एवं राज्य के सुप्रसिद्ध कलाकारों का कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रमुख कार्यक्रमों में छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध फिल्म कलाकार प्रकाश अवस्थी स्टार नाइट का मुख्य आकर्षण रहा। प्रसिद्ध कलाकार प्रकाश अवस्थी की लाइव प्रस्तुति ने पूरे माहौल को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया। उन्होंने आमा पान के पतरी, मोर छईया भुईया, मया और टूरा रिक्शा वाला फिल्म के चुनिंदा और लोकप्रिय गीतों को अपनी सुमधुर आवाज की जादू से समा बांधा। दर्शक गीतों और प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद उठाते हुए झूम उठे। आयोजन स्थल पर दर्शकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति और उत्साह देखने को मिला। इसके अलावा स्थानीय कार्यक्रमों में पंथी दल मुडियाडीह द्वारा पारंपरिक पंथी नृत्य की प्रभावशाली प्रस्तुति ने छत्तीसगढ़ी संस्कृति की समृद्ध विरासत को उजागर किया।





