बेमेतरा:मां भद्रकाली की पावन धरा, बेमेतरा आज विकास के नए अध्याय की साक्षी बनी। बेमेतरा के बेसिक स्कूल मैदान में छत्तीसगढ़ के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ₹140 करोड़ 96 लाख 09 हजार से अधिक राशि के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमि पूजन कर उन्हें जनता को समर्पित किया।
इस अवसर पर आयोजित लोकार्पण, भूमि पूजन एवं हितग्राही सम्मेलन में जिले के हजारों नागरिक — माताएं, बहनें, किसान एवं युवा साथी भारी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आगमन के साथ हुई, जहां जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी और जिला पंचायत सभापति अंजु बघेल ने मुख्यमंत्री का गजमाला पहनाकर भव्य स्वागत किया और बेमेतरा जिले की जनता की ओर से उनका अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री साय ने अपने उद्बोधन में कहा —
छत्तीसगढ़ सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ सभी व्यक्ति तक पहुंचे। बेमेतरा जिले में सड़कों, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई और अमोरा बैराज एवं 6 विद्युत सब स्टेशन ग्रामीण विकास के लिए आज जिन परियोजनाओं की सौगात दी गई है, वे जिले की तस्वीर बदलेंगी।”
जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी ने कहा —“आज का दिन बेमेतरा जिले के लिए ऐतिहासिक और गौरवशाली है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के करकमलों से जिले को ₹140 करोड़ 96 लाख 09 हजार से अधिक राशि के विकास कार्यों की सौगात मिलना, हमारे जिले के भविष्य की दिशा और दशा दोनों बदलने वाला क्षण है। यह केवल योजनाओं का लोकार्पण नहीं, बल्कि बेमेतरा की जनता के सपनों, विश्वास और आकांक्षाओं का साकार होना है।
मुख्यमंत्री जी ने जिस समर्पण और संवेदनशीलता से बेमेतरा को यह सौगात दी है, उससे हर वर्ग — किसान, माताएं-बहनें, युवा और आम नागरिक — को नई ऊर्जा और उम्मीद मिली है। भाजपा सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूलमंत्र के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।हमारा प्रयास रहेगा कि मुख्यमंत्री जी द्वारा दी गई हर योजना का लाभ जिले के कोने-कोने तक पहुँचे। पंचायत से लेकर गाँव तक विकास की रफ्तार तेज हो, हर किसान आत्मनिर्भर बने, हर बहन सशक्त बने, हर बच्चा शिक्षित हो — यही हमारी सरकार का लक्ष्य और मेरा व्यक्तिगत संकल्प है।उन्होंने कहा आज बेमेतरा प्रदेश की राजनीति और विकास यात्रा में अपनी पहचान बना रहा है। यह संभव हुआ है भाजपा के कर्मयोगी नेतृत्व और जनता के अटूट विश्वास से। मैं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव जी और प्रदेश सरकार की पूरी टीम का हृदय से आभार व्यक्त करती हूँ कि उन्होंने बेमेतरा को यह ऐतिहासिक उपहार दिया।”









