बेमेतरा’जिले के नगर पंचायत कुसमी एवं ग्राम खर्रा में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव में पूरे क्षेत्र का माहौल आध्यात्मिक और भक्तिमय रहा। इस पावन अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी जी ने विशेष रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और श्रद्धालुओं के साथ कथा श्रवण कर दिव्य वातावरण का आनंद लिया।
पूज्य भगवताचार्य ने श्रीमद्भागवत महापुराण के प्रसंगों का वाचन करते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जीवन आदर्शों, धर्म, भक्ति और समाज में नैतिक मूल्यों की महत्ता पर प्रकाश डाला। कथा में उपस्थित श्रद्धालुजन भाव-विभोर होकर भक्ति रस में डूबे रहे।
कथा स्थल पर उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कल्पना योगेश तिवारी जी ने कहा,
“श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज में नैतिक मूल्यों और जीवन के आदर्शों को स्थापित करने का माध्यम है। यह हमें सेवा, भक्ति, सत्य और प्रेम के मार्ग पर चलने का संदेश देती है। इस प्रकार के आयोजनों से समाज में भाईचारा, सद्भाव और संस्कारों की अलख जगती है।”
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज पूरे देश में सेवा, संस्कार और समाजिक उत्थान की भावना को मजबूत किया जा रहा है। ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों से यह संदेश और सशक्त होता है कि समाज को संस्कारित और एकजुट बनाकर ही राष्ट्र निर्माण संभव है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अवधेश चंदेल , नगर पंचायत अध्यक्ष चंद्रप्रकाश साहू , समिति अध्यक्ष मोहन साहू , समिति उपाध्यक्ष प्रकाश नारायण , पार्षद देवकुमार साहू , समाजसेवक यशवंत मंडल जी, मोतीराम साहू जी, रामनाथ साहू , देवेंद्र साहू , सचिव प्रदीप साहू , शिक्षक राजेंद्र पाठकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और नागरिकगण उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन भी कथा में सम्मिलित हुए और भक्ति भाव से ओतप्रोत वातावरण का अनुभव किया।
कल्पना योगेश तिवारी ने आयोजन समिति को धन्यवाद देते हुए कहा कि, “इस प्रकार की पावन कथाएँ आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्त्रोत बनती हैं और हमारे सनातन धर्म की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाती हैं। भक्ति, सेवा और संस्कार का यह संगम समाज को और अधिक सशक्त एवं संगठित बनाने का कार्य करता है।”
इस भव्य आयोजन के साथ नगर पंचायत कुसमी एवं ग्राम खर्रा में अध्यात्म, सेवा और भक्ति की अनूठी छटा बिखरी और पूरा क्षेत्र धार्मिक उत्साह एवं श्रद्धा से सराबोर हो गया।











